प्रदेशभर में बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए प्रशासन अलर्टप्रदेशभर में बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए प्रशासन अलर्ट

चंडीगढ़,25 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की प्रस्तावित परीक्षाओं के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में प्रदेश के सभी जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक तथा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार व अन्य अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े थे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिला उपायुक्त व पुलिस अधीक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेशभर में परीक्षाएं शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकल रहित ढंग से संपन्न कराई जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए स्थानीय सरपंचों एवं ग्राम सभा के सदस्यों का सहयोग लिया जाए, ताकि सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से परीक्षाएं पूर्णतः निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण दायित्व को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निभाएं।

बैठक में प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, उप प्रधान सचिव यशपाल, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सहित अधिकारीगण मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *