सैनी ने हिसार में सूर्य नगर R.U.B. और R.O.B. का किया उद्घाटनसैनी ने हिसार में सूर्य नगर R.U.B. और R.O.B. का किया उद्घाटन

चंडीगढ़, 25 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हिसार के सूर्य नगर में रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) और रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का विधिवत उद्घाटन किया। यह परियोजना क्षेत्रवासियों को सुगम और सुरक्षित यातायात प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार की गई है, जिससे शहर के यातायात को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उद्घाटन कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि यह परियोजना हिसार के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे शहर की कनेक्टिविटी में और सुधार होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सरकार प्रदेश भर  में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सूर्य नगर आरयूबी और आरओबी के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।

इस अवसर पर लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि सूर्य नगर आरयूबी और आरओबी की कुल लंबाई 1185 मीटर हैं तथा इसको बनाने में कुल 79 करोड़ 40 लाख की लागत आई हैं। वर्तमान सरकार हरियाणा के चहुंमुखी विकास के लिए काम कर रही है।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने महाराष्ट्र चुनाव की एक तरफ़ा जीत को लेकर बीजेपी को बधाई देते हुए कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है।  

सैनी ने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है। हरियाणा में भी ऐसा करने का कांग्रेस ने प्रयास किया था।  हो सकता है आने वाले दिनों में ये कोई और नया रंग ले आए। लेकिन जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है।  

डबल इंजन की सरकार तीव्र गति से विकास और कल्याण के काम  कर रही है।  हरियाणा में जनता ने तीसरी बार बीजेपी की  विकास  की नीतियों को चुना है। कांग्रेस ने झूठ का सहारा लेकर विकास पर ब्रेक लगाने की कोशिश की थी, मगर ऐसा हो नहीं पाया।

सैनी ने कहा कि हरियाणा के बाद महाराष्ट्र में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। कांग्रेस आकलन करे कि 10 वर्षो में पीएम मोदी ने कितना काम किया और उन्होंने कितना किया। आकलन करने पर पता चलेगा कि पीएम नरेंद्र मोदी 55 साल के शासन पर कितने भारी पड़े है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *