आप ने बजाया हरियाणा में चुनावी बिगुलआप ने बजाया हरियाणा में चुनावी बिगुल

पंचकूला, 20 जुलाई। आम आदमी पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए बिगुल बजा दिया है।

शनिवार को पंचकूला में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा की जनता को केजरीवाल की पांच गारंटी दी।

उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) डॉ. संदीप पाठक, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा समेत प्रदेश के कोने-कोने से आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब ‘‘आप’’ कार्यकर्ता इन पांचों गारंटियों को जनता तक लेकर जाएंगे। 

सुनीता केजरीवाल ने कहा हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल ने जनता के लिए पांच गारंटी दी है, इनमें पहली गारंटी दिल्ली और पंजाब की तरह घरेलू बिजली फ्री होगी। 24 घंटे बिजली का इंतजाम होगा।

दूसरी गारंटी, दिल्ली और पंजाब की तरह हर गांव और हर शहर में मोहल्ला क्लीनिक बनाने का काम करेंगे। सरकारी अस्पताल अच्छे होंगे, सबका अच्छा और फ्री इलाज होगा।

तीसरी गारंटी, सरकारी स्कूलों को अच्छा बनाएंगे, जहां अच्छी और फ्री शिक्षा मिलेगी।

चौथी गारंटी, हर महिला को हर महीना एक हजार रुपए देने का काम करेंगे।

पांचवीं, हर बेरोजगार युवा को रोजगार देंगे। उन्होंने कहा अरविंद केजरीवाल दिल्ली में बदलाव लेकर आए, पंजाब में बदलाव हो रहा है और अब हरियाणा में बदलाव की बारी है।

इससे पूर्व, उन्होंने कहा कि आप सभी जानते हैं कि अरविंद केजरीवाल, हरियाणा के लाल हैं। 1994 में मेरी इनसे शादी हुई थी। उस समय अरविंद का परिवार हिसार में रहता था। वहां उनके पिता नौकरी करते थे। अरविंद का जन्म तो सिवानी गांव में हुआ था, लेकिन उनकी पढ़ाई, लिखाई और परवरिश हिसार में हुई थी। उन्होंने कहा कि कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि 20 साल बाद यह लड़का दिल्ली पर राज करेगा। ये कोई मामूली बात नहीं है। उनका जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ था, उस दिन कृष्ण जन्माष्टमी थी। यह भी कोई मामूली इत्तेफाक नहीं है।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि भगवान उनसे कुछ बड़ा करवाना चाह रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने पहली बार चुनाव लड़ा और वे दिल्ली के मुख्यमंत्री बन गए। उन्होंने देश की राजनीति में भूचाल लाने का काम किया। ऐसे-ऐसे काम किए, जो कोई भी पार्टी नहीं कर पाई। आज पूरी दुनिया में लोग अरविंद केजरीवाल को उनके कामों से जानते हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब के सरकारी स्कूल अच्छे कर दिए। गरीबों के बच्चों का भविष्य उज्जवल कर दिया। शानदार मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल कर दिए, जहां मुफ्त और अच्छा इलाज होता है। उन्होंने बिजली फ्री कर दी। महिलाओं को बस में फ्री सफर करने की सुविधा दी। बुजुर्गों के लिए फ्री तीर्थ यात्रा कर दी और अब हर महीने हर महिला को एक हजार रुपए की सम्मान राशि देने जा रहे हैं।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि किसी भी पार्टी ने जनता के लिए ये काम नहीं किए। यह केवल हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल ही कर सकते हैं। इसलिए मोदी जी उनसे जलते हैं। इसलिए अरविंद केजरीवाल को फर्जी केस में जेल में डाल दिया। वो कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल चोर है। मैं कहती हूं कि अगर अरविंद केजरीवाल चोर हैं तो इस दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है। मोदी जी ने हरियाणा के बेटे को जेल में डाला कर हरियाणा के लोगों को ललकारा है। क्या हरियाणा की जनता अपने बेटे का अपमान चुपचाप सहन करेगी? केजरीवाल शेर हैं। केजरीवाल मोदी जी के सामने झुकेंगे नहीं। हम अब चुप नहीं बैठेंगे। मोदी जी गुजरात से हैं। जब 2014 में मोदी जी प्रधानमंत्री बने तो गुजरात ने सारी सीटें बीजेपी को दे दी। आपके अरविंद केजरीवाल ने देश और दुनिया में हरियाणा का नाम रौशन किया है। अब आप भी उनका साथ दीजिए। तीन महीने बाद हरियाणा में चुनाव है। बीजेपी को हरियाणा में एक सीट भी नहीं जानी चाहिए। ये हरियाणा के सम्मान की बात है।

पंजाब के सीएम सरदार भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने जनता की सेवा करने के लिए इनकम टैक्स की नौकरी छोड़ दी। हम राजनीति को धंधा नहीं समझते, यह इनका प्रोफेशन नहीं, बल्कि पैशन है। यदि दूसरी पार्टियों के नेता सही होते तो हमें पार्टी बनाने की क्या जरूरत थी। इन्होंने हमें चैलेंज किया कि तुम करके दिखाओ, हमने कर दिया तो अब कह रहे हैं कि तुम मत आओ। हरियाणा के लोगों ने हर पार्टी को मौका देकर देखा। लेकिन कोई अच्छा नहीं निकला। जब हम जींद, कैथल, टोहाना और सोनीपत रैली करने के लिए गए तो हमसे लोग कहते थे कि आप दिल्ली और पंजाब में इतने अच्छे काम कर रहे हो तो हरियाणा में भी आ जाओ। ताकि हमारा भी जीवन स्तर उंचा हो जाए। बीजेपी वाले जुमलेबाज हैं, लेकिन अरविंद केजरीवाल गारंटी देते हैं।

मान ने कहा कि आधा हरियाणा दिल्ली से जुड़ता है और आधा पंजाब से जुड़ता है। मेरी भी रिश्तेदारी हरियाणा में है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बड़े बड़े नेताओं को हराकर 92 सीटें जीती। जब जनता लड़ती है तो कोई नहीं टिकता। पंजाब के लोग अकाली दल वालों का नाम लेने को भी तैयार नहीं हैं। हमने पंजाब में वो गारंटियां भी पूरी की हैं जो दी ही नहीं थी। हमने विधायकों की पेंशन को एक कर दिया, क्योंकि जनता की सेवा की पेंशन नहीं होती। बीजेपी ने ओल्ड पेंशन स्कीम भी बंद कर रखी है और इनको कई कई पेंशन चाहिए। आम आदमी पार्टी अब तक 17 टोल प्लाजे बंद कर चुकी है। उससे पंजाबियों का हर दिन का 60 लाख रुपए बच रहा है। जनता का जोश देखकर लग रहा है कि अब पंजाब से यूपी के बॉर्डर तक आम आदमी पार्टी का राज होगा। दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा की सत्ता ईमानदार पार्टी आम आदमी पार्टी की हाथ में दे दो, चोरियां होनी बंद हो जाएंगी। अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि वो चीज बोलो जो कर सकते हो। इसलिए हम बीजेपी की तरह जुमले नहीं बोलते। बीजेपी ईमानदारी और सच में हमें नहीं हरा सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *